Home My City Chandrapur नरभक्षी बाघ का तत्काल बंदोबस्त करें, अन्यथा जनआंदोलन करेंगे: विजय वडेट्टीवार

नरभक्षी बाघ का तत्काल बंदोबस्त करें, अन्यथा जनआंदोलन करेंगे: विजय वडेट्टीवार

सावली तालुका में मानव-वन्यजीव संघर्ष चरम पर, लगातार हमलों से नागरिकों में दहशत

चंद्रपुर: सावली तालुका में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। जंगल से सटे इलाकों में बाघ के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। इस गंभीर स्थिति को लेकर विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए संबंधित नरभक्षी बाघ का तत्काल बंदोबस्त करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो नागरिकों को साथ लेकर तीव्र जनआंदोलन किया जाएगा।

वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि बाघ परियोजना और पर्यटन के नाम पर ताडोबा-अंधारी क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाघों को छोड़ा गया है और इनकी बढ़ती संख्या के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष गंभीर रूप ले रहा है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद शासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

सावली वनपरिक्षेत्र के निलसनी-पेठगांव परिसर में कुछ दिन पहले मवेशी चराते समय एक किसान पर बाघ ने हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई। इसके बाद 21 सितंबर को सामदा बुज परिसर में हेमंत अशोक भुरसे नामक किसान की बाघ के हमले में मौत होने की घटना सामने आई। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

वडेट्टीवार ने सवाल उठाया कि जब किसान, चरवाहे और खेत मजदूर जंगल से सटे क्षेत्रों में काम करने के लिए जाते हैं और उनकी जान को खतरा बना हुआ है, तो वन विभाग आखिर क्या कार्रवाई कर रहा है? उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों के लिए खेतों में जाना जरूरी है, लेकिन बाघ की दहशत के कारण उनके परिवार भी चिंतित हैं।

उन्होंने कहा, “नागरिकों ने खेती कैसे करनी है? मवेशियों को चराने कहां जाना है? परिवार का भरण-पोषण कैसे करना है? हर घटना के बाद केवल गश्त बढ़ाने की जानकारी देकर समस्या का समाधान नहीं हो सकता।”

वडेट्टीवार ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण का विरोध नहीं है, लेकिन जंगल की सीमा से लगे गांवों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से बाघ के खतरे को कम करने के लिए तत्काल ठोस और कानूनी उपाय करने की मांग की।

उन्होंने कहा, “वन्यजीव संरक्षण के नाम पर इंसानी जिंदगी की कीमत शून्य नहीं की जा सकती। नागरिकों की जान खतरे में होने के बावजूद प्रशासन को केवल कागजी रिपोर्ट, सूचनाओं और बैठकों तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर कार्रवाई करनी चाहिए।”

वडेट्टीवार ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि “जनता के धैर्य की परीक्षा न लें। एक और निर्दोष व्यक्ति की जान जाने का इंतजार न करें। सावली तालुका के नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार को स्वीकार करनी चाहिए। तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए गए तो नागरिकों को साथ लेकर सड़क पर उतरकर तीव्र जनआंदोलन किया जाएगा।”