
चारा फसलों की खेती और नियोजन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न
चंद्रपुर, 30 अक्टूबर। जिले में सूखे की संभावित स्थिति को देखते हुए पशुधन के लिए चारे की कमी न हो, इसके लिए अभी से प्रभावी नियोजन करना आवश्यक है। यह बात जिलाधिकारी वसुमना पंत ने कही।
नियोजन भवन में शुक्रवार को कृषि एवं पशुसंवर्धन विभाग की ओर से सूखे की स्थिति में चारा फसलों की खेती और नियोजन विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में वे बोल रही थीं।
जिलाधिकारी पंत ने कहा कि चारा उत्पादन के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन अभी से किया जाना चाहिए। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) और जिला नियोजन समिति के फंड का समन्वय कर बड़े पैमाने पर चारा उत्पादन को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि पशुधन का संरक्षण और पशुपालकों को राहत देने के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। केवल इस वर्ष के सूखे को ध्यान में न रखते हुए नियमित और टिकाऊ चारा उत्पादन की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, ताकि किसानों और पशुपालकों को अतिरिक्त आय के अवसर भी मिल सकें।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यशाला में विशेषज्ञों से चारा उत्पादन एवं प्रबंधन संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा गांवों में प्रत्यक्ष दौरे कर किसानों और पशुपालकों का मार्गदर्शन करने की अपील की। इस कार्य के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय आवश्यक बताया।
विशेषज्ञों ने चारा प्रबंधन पर किया मार्गदर्शन
कार्यशाला में जिला पशुसंवर्धन एवं दुग्ध विकास उपायुक्त डॉ. सुरेश कुंभारे ने चंद्रपुर जिले में चारा संकट प्रबंधन एवं टिकाऊ चारा विकास विषय पर जानकारी दी। सहायक आयुक्त डॉ. विलास गावखरे ने चारे के भौतिक प्रसंस्करण द्वारा मूल्यवर्धन, जबकि पशुवैद्यकीय अधिकारी डॉ. सतीश अघलते ने चारा प्रबंधन एवं कृषि वानिकी पर मार्गदर्शन किया।
वहीं, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी गिरीश धायगुडे ने ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन के माध्यम से चारा उत्पादन और एजोला (Azolla) की खेती के अवसरों की जानकारी दी। विदर्भ-मराठवाड़ा दुग्ध विकास परियोजना के डॉ. निशांत नांदेश्वर ने परियोजना के तहत उपलब्ध योजनाओं के बारे में बताया।
कम पानी में उगने वाली चारा फसलों पर जोर
कार्यशाला में कम पानी और सूखे की स्थिति में तेजी से बढ़ने वाली चारा फसलों जैसे ज्वार, बाजरा, मक्का, नेपियर घास और लुसर्न की खेती पर चर्चा की गई। इसके अलावा चारे के संरक्षण एवं भंडारण, अतिरिक्त चारे से साइलेज (मुरघास) तैयार करने, कड़बा कुट्टी बनाने और उचित भंडारण के जरिए चारे की बर्बादी रोकने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, परियोजना संचालक मंजिरी टकले, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता जलेश सिंह, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी शंकर तोटावार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
























