
सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनधारकों की समस्याओं का होगा समाधान
चंद्रपुर, 29 अक्टूबर। चंद्रपुर जिला परिषद के विभिन्न विभागों में कार्यरत रहे शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी और पारिवारिक पेंशनधारकों की शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए 18 नवंबर 2026 को पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में जिला परिषद के समिति कक्ष में यह पेंशन अदालत आयोजित होगी।
दो सत्रों में होगी पेंशन अदालत
पेंशन अदालत का आयोजन दो सत्रों में किया जाएगा।
पहला सत्र : सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक इस सत्र में ब्रह्मपुरी, चिमूर, जिवती, नागभीड़, पोंभूर्णा, सिंदेवाही, कोरपना और सावली तहसील के पेंशनधारकों की समस्याओं पर सुनवाई होगी।
दूसरा सत्र : दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक इस सत्र में चंद्रपुर, बल्लारपुर, गोंडपिपरी, भद्रावती, मूल, राजुरा और वरोरा तहसील के संबंधित पेंशनधारकों की समस्याओं पर सुनवाई की जाएगी।
जिला परिषद की उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी (सामान्य प्रशासन) नूतन सावंत ने संबंधित सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनधारकों से निर्धारित तिथि और समय पर पेंशन अदालत में उपस्थित रहने की अपील की है।
























