Home My City Chandrapur Warora वरोरा में कपास चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग भी...

Warora वरोरा में कपास चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग भी हिरासत में

5.23 लाख रुपये का माल जब्त, चोरी में इस्तेमाल किया गया जाइलो वाहन भी बरामद

Warora वरोरा/चंद्रपुर : वरोरा पुलिस थाना क्षेत्र में कपास चोरी के मामले का चंद्रपुर स्थानीय अपराध शाखा ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों के साथ कानून के संघर्ष में शामिल एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से कुल 5 लाख 23 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, वारोरा पुलिस थाना क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कपास चोरी का मामला दर्ज किया गया था। चोरी के आरोपियों और माल की तलाश के दौरान 1 नवंबर 2026 को स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों को मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने सागर लक्ष्मण चव्हाण (29), निवासी हिंगणघाट, जिला वर्धा तथा अमोल महादेव जाधव (22), निवासी दहेगांव, तहसील सेलू, जिला वर्धा को हिरासत में लिया। इस मामले में एक नाबालिग भी शामिल पाया गया।

2.5 क्विंटल कपास और जाइलो वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 हजार रुपये मूल्य का लगभग 2.5 क्विंटल कपास बरामद किया। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किया गया करीब 5 लाख रुपये मूल्य का जाइलो कंपनी का वाहन भी जब्त किया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 5 लाख 23 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।

मामले में आगे की जांच वारोरा पुलिस थाना द्वारा की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक बलराम जादोकर सहित सर्वेश बेलसरे, रजनीकांत पुत्थावर, सचिन गुरनुले, सुभाष गोहोकर, विट्ठल काकडे, दिनेश अराडे तथा स्थानीय अपराध शाखा के अन्य पुलिसकर्मियों ने सहभाग लिया।