
ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन की पहल, यातायात नियमों का पालन करने की अपील

चंद्रपुर। शहर के जटपुरा गेट क्षेत्र में यातायात जाम और गलत दिशा में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने स्पाइक बैरियर लगाए हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाए रखना और सड़क हादसों को रोकना है।
प्रशासन के अनुसार, कई वाहन चालक जल्दबाजी में समय बचाने या शॉर्टकट लेने के चक्कर में विपरीत दिशा से वाहन चलाते हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। इसी समस्या को देखते हुए जटपुरा गेट क्षेत्र में स्पाइक बैरियर लगाए गए हैं।
गलत दिशा में जाने पर टायरों को होगा नुकसान
प्रशासन की ओर से वाहन चालकों को चेतावनी दी गई है कि स्पाइक बैरियर वाले स्थान पर गलत दिशा से प्रवेश करने पर वाहनों के टायर पंचर हो सकते हैं या फट सकते हैं। इससे वाहन को नुकसान पहुंचने के साथ ही दुर्घटना होने की आशंका भी बनी रहती है।
वहीं, यातायात की निर्धारित दिशा में चलने वाले वाहनों पर इन बैरियरों का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसलिए वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सड़क पर लगे संकेतों और दिशा-निर्देशों का पालन करें।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा, बैरियर से टकराने के कारण वाहन को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी भी संबंधित चालक पर होगी।
ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों से अपील
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल्दबाजी में गलत दिशा से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। गलत दिशा में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जेटपुरा गेट क्षेत्र में यातायात अनुशासन बनाए रखना, जाम की समस्या कम करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं और यातायात पुलिस को सहयोग करें।
























