
चंद्रपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर देने के लिए चंद्रपुर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 19, 20, 26 और 27 सितंबर 2026 को विशेष मतदाता पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वसुमना पंत ने नागरिकों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के दौरान नए मतदाताओं का पंजीयन, मतदाता सूची में सुधार तथा नाम हटाने से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
18 वर्ष पूर्ण करने वालों को मिलेगा मौका
1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवक-युवतियां मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा अनुपस्थित, स्थानांतरित अथवा अन्य कारणों से प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं होने वाले पात्र नागरिक भी अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान पर पंजीयन करा सकते हैं।
सुबह 10 से शाम 6 बजे तक शिविर
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर शनिवार 19 सितंबर, रविवार 20 सितंबर, शनिवार 26 सितंबर और रविवार 27 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक शिविर आयोजित होंगे। इस दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे।
- नया मतदाता पंजीयन – फॉर्म 6
- नाम हटाने के लिए – फॉर्म 7
- सुधार एवं स्थानांतरण के लिए – फॉर्म 8
इन फॉर्म के माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विशेष रूप से महिलाओं और दिव्यांग नागरिकों के मतदाता पंजीयन पर जोर दिया जाएगा।
स्कूल-कॉलेजों में भी पंजीयन अभियान
1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवक-युवतियों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए छुट्टियों को छोड़कर कार्यालयीन समय में जिले के स्कूलों और महाविद्यालयों में भी विशेष मतदाता पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों, विशेषकर नवमतदाता युवक-युवतियों, से अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम नहीं होने पर आवश्यक आवेदन भरकर पंजीयन कराने की अपील की है।
























