Home My City Chandrapur विनापरवाना तेज आवाज में DJ बजाना पड़ा भारी, दुर्गापुर पुलिस ने 13.50...

विनापरवाना तेज आवाज में DJ बजाना पड़ा भारी, दुर्गापुर पुलिस ने 13.50 लाख का DJ सामान और वाहन किया जब्त

चंद्रपुर: गणेशोत्सव के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए अत्यधिक तेज आवाज में DJ बजाने के मामले में दुर्गापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 13.50 लाख रुपये का DJ साहित्य और वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई 14 सितंबर 2026 को कोंडी वार्ड क्रमांक 6, ऊर्जानगर, नेरी क्षेत्र में की गई।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को शाम करीब 7 बजे गश्त के दौरान सूचना मिली कि गणेशोत्सव मंडल की शोभायात्रा में अमन गंगाधर गोहणे (निवासी बाबराला, तहसील मुल, जिला चंद्रपुर) द्वारा अत्यधिक तेज आवाज में DJ बजाया जा रहा है।

पुलिस निरीक्षक शेगावकर के निर्देश पर ध्वनि मापक यंत्र से DJ की आवाज की जांच की गई। जांच में ध्वनि की तीव्रता 105.5 डेसीबल दर्ज हुई। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को मौके पर आवश्यक निर्देश देकर स्टेशन डायरी में भी इसकी नोंद की।

इसके बाद दोबारा उसी व्यक्ति द्वारा अत्यधिक तेज आवाज में DJ बजाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचों की मौजूदगी में ध्वनि मापक यंत्र से दोबारा जांच की गई, जिसमें आवाज की तीव्रता 123.05 डेसीबल दर्ज हुई।

पुलिस द्वारा DJ बजाने का लाइसेंस मांगे जाने पर संबंधित व्यक्ति ने कोई अनुमति या लाइसेंस नहीं होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में DJ उपकरण और वाहन को जब्त कर लिया।

जब्त किया गया सामान

  • Amplifier (Sharp Audio MT-1201) – ₹1 लाख
  • 2 Top Speakers – ₹4.50 लाख
  • DJ Mixer (Dynatek) – ₹1 लाख
  • 15 KVA Generator एवं पार्क लाइट सहित अन्य सामग्री – ₹21 लाख
  • महिंद्रा सुप्रो वाहन क्रमांक MH-34-CQ-3494 – ₹6 लाख

पुलिस विवरण के अनुसार जब्त वाहन एवं DJ सामग्री की कुल कीमत ₹13.50 लाख बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक द्वारा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 38 के तहत आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद DJ संचालक द्वारा नियमों का उल्लंघन किए जाने पर उसके खिलाफ पोस्टे दुर्गापुर अपराध क्रमांक 395/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक शेगावकर, पुलिस उपनिरीक्षक पंकज वासाडे, पुलिस हवलदार 1123 भोयर और पुलिस शिपाई 1068 तलांडे द्वारा की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वाले और बिना अनुमति अत्यधिक तेज आवाज में DJ बजाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।