
चंद्रपुर: ऐतिहासिक दीक्षाभूमि के संरक्षण, उचित विकास और उसकी पवित्रता बनाए रखने की मांग को लेकर 16 सितंबर को चंद्रपुर में भव्य ‘आक्रोश मोर्चा’ निकाला जाएगा। दोपहर 12 बजे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की पूर्णाकृति प्रतिमा से शुरू होने वाला यह मोर्चा जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेगा। इसकी जानकारी प्रतीक डोर्लीकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
आंबेडकरी आंदोलन से जुड़े युवा-युवतियों और समाजबंधुओं की पहल पर आयोजित इस मोर्चे के माध्यम से दीक्षाभूमि से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रशासन के सामने रखा जाएगा।
ऐतिहासिक बुद्ध विहार को न तोड़ने की मांग
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि दीक्षाभूमि स्थित ऐतिहासिक बुद्ध विहार को तोड़ा न जाए। इसके बजाय उसका स्ट्रक्चरल ऑडिट कर आधुनिक तकनीक के माध्यम से नवीनीकरण किया जाए। साथ ही दीक्षाभूमि के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए परिसर में अन्य नए निर्माण पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।
सोसायटी में समाज के प्रतिनिधियों की भागीदारी
आंदोलनकारियों ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मेमोरियल सोसायटी में एक ही परिवार के संबंधित सदस्यों का वर्चस्व न रखते हुए समाज के प्रतिनिधियों को भी शामिल करने की मांग रखी है।
इसके अलावा दीक्षाभूमि परिसर में तत्काल पर्याप्त स्वच्छतागृहों का निर्माण करने की मांग भी की गई है।
व्यावसायिक और राजनीतिक कार्यक्रमों पर रोक की मांग
दीक्षाभूमि की पवित्रता और ऐतिहासिक स्वरूप को बनाए रखने के लिए परिसर में किसी भी प्रकार के व्यावसायिक स्टॉल और राजनीतिक कार्यक्रमों को अनुमति नहीं देने की मांग आंदोलनकारियों द्वारा की जाएगी।
‘दीक्षाभूमि मुक्ति आंदोलन’, चंद्रपुर और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बौद्ध एवं आंबेडकरी समाज के लोगों से सहपरिवार बड़ी संख्या में आक्रोश मोर्चे में शामिल होने की अपील की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अशोक टेंभरे, मृणाल कांबले, हर्षल खोब्रागड़े, गीता रामटेके, विजय करमरकर, लुंबिनी गणवीर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
























