Home Chandrapur My City एक ही नंबर प्लेट और ई-टीपी से रेत तस्करी का बड़ा खुलासा,...

एक ही नंबर प्लेट और ई-टीपी से रेत तस्करी का बड़ा खुलासा, 81.10 लाख की संपत्ति जब्त

चंद्रपुर | प्रतिनिधि

स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी), रामनगर पुलिस और भद्रावती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रेत परिवहन के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने दो अलग-अलग वाहनों पर एक ही नंबर प्लेट और एक ही ई-टीपी (ई-ट्रांजिट पास) का इस्तेमाल कर सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

इस कार्रवाई में कुल 81 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए दोनों वाहन

7 अगस्त 2026 को रात में गश्त के दौरान रामनगर पुलिस को सूचना मिली कि मुल से चंद्रपुर मार्ग पर दो वाहन एक ही पंजीकरण संख्या MH-34-BZ-8114 का उपयोग कर अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके के नेतृत्व में नागपुर रोड स्थित ट्रैफिक ब्रांच के पास नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान पहला 12-पहिया ट्रक पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया और भद्रावती पुलिस की मदद से घोड़पेठ क्षेत्र में वाहन को पकड़ लिया। कुछ देर बाद उसी नंबर प्लेट वाला दूसरा 16-पहिया ट्रक भी नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया।

जांच में पुलिस उस समय हैरान रह गई जब दोनों अलग-अलग वाहनों पर एक ही नंबर प्लेट (MH-34-BZ-8114) लगी मिली। इतना ही नहीं, दोनों वाहन अवैध रेत परिवहन के लिए एक ही ई-टीपी नंबर 33198347 का उपयोग कर रहे थे।

जब्त संपत्ति

  • 16-पहिया टाटा 4830 ट्रक एवं रेत – लगभग ₹45.55 लाख
  • 12-पहिया टाटा 3532 हायवा एवं रेत – लगभग ₹35.55 लाख

कुल जब्ती: ₹81.10 लाख

आरोपी

  • स्वप्निल सुरेश कबाडे (37), निवासी सावंगी नगर, वर्धा – चालक (16-पहिया वाहन)
  • रामकेश राजेश केवट (20), निवासी जिला सीधी, मध्य प्रदेश – चालक (12-पहिया वाहन)
  • रोहन चाफला, निवासी खंबाला, तहसील वरोरा, जिला चंद्रपुर – वाहन मालिक

इन धाराओं में मामला दर्ज

आरोपियों के खिलाफ रामनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 303(2), 318(4), 336(3), 3(5), महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता 1966 की धारा 48(7), 48(8) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी एक ही नंबर प्लेट और एक ही ई-टीपी का उपयोग कर अवैध रूप से रेत परिवहन कर सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे थे। मामले की आगे की जांच रामनगर पुलिस कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े, पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे तथा पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।